PHM NEWS

पिता की डांट से नाराज किशोरी ने नदी में

प्रकाशित: 04 Apr 2026

पिता की डांट से नाराज किशोरी ने नदी में लगाई छलांग, युवक ने बचाई जान
देवरिया। जनपद में एक किशोरी ने पिता की डांट से नाराज होकर शुक्रवार शाम नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने मदद करने के बजाय वीडियो बनाना शुरू कर दिया, लेकिन एक युवक ने साहस दिखाते हुए नदी में कूदकर किशोरी की जान बचा ली। घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना कसया मार्ग स्थित रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पटनवा पुल के पास छोटी गंडक नदी की है। क्षेत्र की एक किशोरी पिता की डांट से आहत होकर नदी में कूद गई और डूबने लगी।
इसी दौरान पथरदेवा क्षेत्र के निवासी कुलदीप सिंह वहां से गुजर रहे थे। किशोरी को डूबता देख उन्होंने बिना देर किए बाइक किनारे खड़ी की और नदी में छलांग लगा दी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद युवक ने किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे तत्काल सीपीआर देकर उसकी जान बचाई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अक्षनी प्रधान मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने किशोरी को महिला पुलिस की मदद से थाने लाकर परिजनों को सूचना दी। देर शाम परिजनों के आने पर समझाइश के बाद किशोरी को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि किशोरी पिता की डांट से नाराज होकर यह कदम उठाया था। युवक के साहसिक कार्य की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।