देवरिया में यातायात पुलिस का चेकिंग
देवरिया। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस ने रविवार को शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में कसया ओवरब्रिज और बस स्टैंड क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो और ई-रिक्शा, अनुबंधित बसों तथा बिना फिटनेस और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के चलने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके साथ ही बिना हेलमेट बाइक चलाने और तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों को भी नहीं बख्शा गया।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 142 वाहनों का ई-चालान किया, जबकि 9 वाहनों को सीज कर दिया गया।
यातायात पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ती है और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलती है। साथ ही वाहन चालकों को यह संदेश भी दिया जाता है कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।