PHM NEWS

देवरिया में नौकरी दिलाने के नाम पर 15 लाख की ठगी

प्रकाशित: 14 Mar 2026


देवरिया (। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एसपी कार्यालय में तैनात आशु लिपिक और एक सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मदुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर दुबे निवासी प्रशांत कुमार द्विवेदी, जो सेना से सेवानिवृत्त जवान हैं, उनकी मुलाकात वर्ष 2023 में एसपी कार्यालय में तैनात स्टेनो अफजल खान और सिपाही दीपक सिंह से हुई थी।
दोनों ने उन्हें पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और इसके लिए 15 लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि उनकी बातों पर विश्वास कर पीड़ित ने 3 दिसंबर 2024 को दीपक सिंह की पत्नी साक्षी सिंह के खाते में 5 लाख और 10 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पैसे लेने के बाद दोनों आरोपी जल्द ही नौकरी दिलाने का आश्वासन देते रहे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई नियुक्ति नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आशु लिपिक अफजल खान और सिपाही दीपक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।