संचारी रोगों से बचाव के लिए पीएसपी चला रहा
संचारी रोगों से बचाव के लिए पीएसपी चला रहा जागरूकता अभियान
देवरिया, 22 अप्रैल 2026। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए रोगी हितकारी मंच (पेसेंट स्टेक होल्डर प्लेटफॉर्म - पीएसपी) सक्रिय भूमिका निभा रहा है। एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाए जा रहे संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के तहत पीएसपी के सदस्य गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
जिले के पथरदेवा, भटनी और भलुअनी ब्लॉक के 13 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में गठित पीएसपी टीमों द्वारा साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान के दौरान गांवों में नालियों की सफाई, एंटी लार्वा का छिड़काव, कूलरों के पानी को नियमित बदलने तथा जलभराव रोकने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।
पीएसपी का गठन पिछले एक वर्ष में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के नेतृत्व में ग्राम प्रधान, एएनएम, शिक्षक, कोटेदार, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और फाइलेरिया मरीजों के सहयोग से किया गया है। यह मंच टीकाकरण, 100 दिवसीय टीबी अभियान, आयुष्मान कार्ड निर्माण और फाइलेरिया मरीजों के प्रशिक्षण जैसे विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाता रहा है।
वर्तमान अभियान के तहत पीएसपी सदस्य लोगों को बुखार, खांसी, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, फाइलेरिया और कालाजार जैसी बीमारियों से बचाव के उपाय बता रहे हैं। गर्मी के मौसम में मच्छरों और कीटों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए दरवाजों-खिड़कियों पर जाली लगाने और मच्छरदानी के उपयोग की सलाह दी जा रही है।
साथ ही स्वच्छ पेयजल का उपयोग, खुले में शौच से बचाव, आसपास पानी जमा न होने देना और भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने जैसी आदतों को अपनाने पर जोर दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग और पीएसपी के संयुक्त प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ रही है और लोग संचारी रोगों से बचाव के प्रति अधिक सतर्क हो रहे हैं।