PHM NEWS

देवरिया में दर्दनाक हादसा: जर्जर मकान की दीवार

प्रकाशित: 03 Apr 2026


 देवरिया शहर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नगर पालिका के समीप स्थित एक पुराने जर्जर मकान में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। इस हादसे में पांच मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान योगेंद्र (55 वर्ष) पुत्र जंगली, निवासी बढ़ावा तिवारी थाना गौरी बाजार और गोविंद (25 वर्ष) पुत्र रामजी, निवासी जेठूषी थाना बरियारपुर, जनपद देवरिया के रूप में हुई है।
वहीं हादसे में तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में रामदयाल मनी पुत्र गोविंद मनी निवासी सेमराही, ढीला (सदर कोतवाली), हरिहर निवासी तड़वा खुखुंदू तथा शारदा निवासी मलांव थाना बरियारपुर शामिल हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि मकान काफी पुराना और जर्जर अवस्था में था, इसके बावजूद वहां निर्माण कार्य किया जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए गए होते तो इस हादसे को टाला जा सकता था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और निर्माण कार्य में लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।