देवरिया में ई रिक्शा चोरी गैंग का भंडाफोड़ 4
देवरिया, 09 अप्रैल 2026। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली व एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त पुलिस कार्रवाई में चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में मुखबिर की सूचना पर कसया ढाले के पास माल गोदाम के समीप छापेमारी कर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रशांत कुमार उर्फ सन्नी निवासी परसिया अहिर, बृजमोहन प्रसाद निवासी जिरासो, सुधीर सिंह उर्फ गोल्डेन निवासी लार बउली जनपद देवरिया तथा रौनक शाह निवासी अम्बेडकर नगर हाटा जनपद कुशीनगर शामिल हैं। इनके कब्जे से 2 चोरी के ई-रिक्शा (UP 52AT 5948, UP 52BT 6266) मय 8 बैटरी, 4 इलेक्ट्रॉनिक मोटर, 4 कंट्रोलर, 7 चार्जर तथा 31 चोरी की बैटरियां (जिनके सीरियल नंबर खुरचे गए थे) बरामद की गई हैं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे आसपास के क्षेत्रों से मौका देखकर ई-रिक्शा चोरी करते थे तथा उनकी बैटरियों के सीरियल नंबर मिटाकर उन्हें बेच देते थे और प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे। बरामद ई-रिक्शा के संबंध में थाना कोतवाली पर पूर्व में मुकदमे दर्ज थे, जिनका सफल खुलासा किया गया है। इस संबंध में थाना कोतवाली पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।