PHM NEWS

देवरिया रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग

प्रकाशित: 04 Apr 2026

देवरिया रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग युवक की पिटाई, वीडियो वायरल देवरिया जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां सदर रेलवे स्टेशन पर एक दिव्यांग युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। दिव्यांग युवक प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बैठा हुआ था, तभी किसी बात को लेकर उसकी वहां मौजूद एक दुकानदार से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दुकानदार ने प्लास्टिक के पाइप से युवक पर हमला कर दिया।
दिव्यांग होने के कारण युवक न तो ठीक से बोल पा रहा था और न ही वहां से भाग सका। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह खुद को बचाने के लिए जमीन पर इधर-उधर लुढ़कता रहा, लेकिन हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। कुछ ही देर में मौके पर और लोग पहुंच गए और सभी ने मिलकर युवक की पिटाई शुरू कर दी।
युवक ने खुद को बचाने के लिए हमलावरों का विरोध करने की कोशिश की, यहां तक कि हाथ-पैर पकड़ने और काटने का भी प्रयास किया, लेकिन वह असफल रहा।
हैरानी की बात यह है कि इस दौरान जीआरपी का एक पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचा, लेकिन उसने युवक को बचाने के बजाय उसे पकड़कर प्लेटफॉर्म से बाहर ले जाने में मदद की। इसके बाद भी मारपीट जारी रही। एक युवक ने दिव्यांग को जमीन पर घसीटते हुए पीटा, जिससे घटना और भी अमानवीय हो गई।
वीडियो वायरल होने के बाद देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है।
फिलहाल, प्रशासन की ओर से मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई को लेकर उम्मीद जताई जा रही है।