एटीएम पिन बनाने के बहाने कार्ड बदलने वाला गिरफ्तार
एटीएम पिन बनाने के बहाने कार्ड बदलने वाला गिरफ्तार
महदहां। एटीएम पिन बनाने में मदद का झांसा देकर लोगों के कार्ड बदलने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से विभिन्न बैंकों के करीब 60 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भटनी थाना क्षेत्र के ग्राम प्यासी निवासी हरीश चंद्र गुप्ता सलेमपुर में किराए के मकान में रहकर नौकरी करते हैं। उन्होंने हाल ही में पंजाब नेशनल बैंक में खाता खुलवाया था और डाक से उन्हें एटीएम कार्ड प्राप्त हुआ। गुरुवार सुबह वे कोतवाली क्षेत्र स्थित एटीएम पर पिन बनाने पहुंचे थे।
इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने उनकी मदद करने का प्रस्ताव दिया और बातचीत में उलझाकर उनका असली एटीएम कार्ड बदल दिया। आरोपी ने उन्हें मिलता-जुलता दूसरा कार्ड थमा दिया और मौके से निकल गया। कुछ देर बाद शक होने पर हरीश चंद्र ने युवक का पीछा किया और दौड़ाकर पकड़ लिया। मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से विभिन्न बैंकों के लगभग 60 एटीएम कार्ड मिले। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इसी तरीके से लोगों के कार्ड बदलकर उनके खातों से पैसे निकालता था। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान गोरखपुर जनपद के झंगहा थाना क्षेत्र के ग्राम परसौनी निवासी हरदेव के रूप में हुई है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।