PHM NEWS

भाटपाररानी तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस

प्रकाशित: 04 Apr 2026

भाटपाररानी तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 49 शिकायतें प्राप्त
देवरिया, जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में शनिवार को भाटपाररानी तहसील परिसर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों का मौके पर समाधान नहीं हो सका है, उन्हें तय समयसीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर प्रगति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
समाधान दिवस में कुल 49 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 12 राजस्व विभाग, 13 पुलिस विभाग, 4 विकास विभाग तथा 20 अन्य विभागों से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। इनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजा गया।
कार्यक्रम के दौरान 3 पात्र लाभार्थियों को अंत्योदय राशन कार्ड वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर जनपद स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसील स्तरीय कर्मचारी, थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।