डीएम ने कस्तूरबा विद्यालय का किया औचक निरीक्षण
डीएम ने कस्तूरबा विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, शिक्षा और व्यवस्थाओं को परखा
देवरिया, 10 जुलाई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को गौरीबाजार क्षेत्र के पथरहट स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की साफ-सफाई, पठन-पाठन, छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शासन की ओर से अनुमन्य सभी सुविधाएं छात्राओं को समयबद्ध और सुगमता से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ छात्राओं को कौशल विकास गतिविधियों से भी जोड़ने पर जोर दिया।
डीएम ने विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण कर छात्राओं के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता भी परखी और पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं के आवास, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने नामांकन के अनुरूप छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित किया जाए, ताकि छात्राएं सुरक्षित और सहज माहौल में शिक्षा प्राप्त कर सकें। उन्होंने पठन-पाठन की गुणवत्ता और छात्राओं के समग्र विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इस अवसर पर वार्डन पुष्पलता सिंह, अध्यापिका शिल्पा कुशवाहा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।