डीएम सख्त: स्कूलों में 100% छात्र उपस्थिति सुनिश्चित करें बीईओ : नहीं तो रुकेगा वेतन
डीएम सख्त: स्कूलों में 100% छात्र उपस्थिति सुनिश्चित करें बीईओ, नहीं तो रुकेगा वेतन
देवरिया, 14 जुलाई। जिले में बेसिक शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। यदि इसमें लापरवाही पाई गई तो संबंधित बीईओ का वेतन रोका जाएगा। साथ ही ब्लॉक मुख्यालय पर निवास न करने वाले बीईओ के खिलाफ भी वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बीईओ नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर विद्यालयों का प्रभावी अनुश्रवण करें तथा गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कार्यप्रणाली में सुधार लाने और पूरी निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कक्षा 5 के सभी विद्यार्थियों का नवोदय विद्यालय एवं अटल आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कराने तथा मॉडल पेपर के माध्यम से तैयारी कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा आश्रम पद्धति विद्यालयों में निर्धारित क्षमता के अनुरूप प्रवेश सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं की आवक-जावक पंजिका नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की डिजिटल उपस्थिति सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्देशों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य, सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं विभागीय समन्वयक उपस्थित रहे।