ई-रिक्शा से बिहार ले जाई जा रही 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद
ई-रिक्शा से बिहार ले जाई जा रही 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
देवरिया। श्रीरामपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ई-रिक्शा से 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत करीब 62,400 रुपये तथा ई-रिक्शा की कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार रात बंकुल पुल के पास टोला अहिबरन राय के समीप वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ई-रिक्शा (बीआर 29 ईआर 5983) को रोककर तलाशी ली। जांच में ई-रिक्शा से 8 पीएम स्पेशल ब्रांड की 10 पेटी अंग्रेजी शराब, कुल 480 पाउच (180-180 मिलीलीटर) यानी 86.4 लीटर शराब बरामद हुई, जिसे बिहार ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से बिहार के सिवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र के सिकुआरा निवासी 27 वर्षीय संदीप कुमार माझी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ श्रीरामपुर थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनीष कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल अजय सिंह और कांस्टेबल रामनिवास सिंह शामिल रहे।