घर-घर दस्तक देकर बुखार के रोगियों की खोज करेंगी आशा कार्यकर्ता
घर-घर दस्तक देकर बुखार के रोगियों की खोज करेंगी आशा कार्यकर्ता
सीएमओ ने दस्तक अभियान का किया शुभारंभ
देवरिया, 10 अप्रैल 2026। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए शुक्रवार को “दस्तक अभियान” का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने परशुराम चौक स्थित प्राथमिक विद्यालय से फीता काटकर और घर-घर दस्तक देकर इस अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उनके साथ आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं भी मौजूद रहीं।
सीएमओ ने बताया कि यह अभियान 30 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले की आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, खांसी, जुकाम, मलेरिया, जेई/एईएस, चिकनगुनिया, क्षय रोग, फाइलेरिया और कालाजार जैसे रोगों के लक्षण वाले मरीजों की पहचान करेंगी। साथ ही कुपोषित बच्चों का भी चिन्हांकन किया जाएगा।
जिले में कुल 2756 आशा कार्यकर्ताओं की टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें प्रतिदिन कम से कम 15 घरों की स्क्रीनिंग करने का लक्ष्य दिया गया है। चिन्हित मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपचार के लिए भेजा जाएगा।
अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक भी करेंगी। नागरिकों को मच्छरों से बचने के लिए फुल आस्तीन के कपड़े पहनने, मच्छर रोधी क्रीम लगाने और सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने की सलाह दी जाएगी। साथ ही घर और आसपास कहीं भी सात दिन से अधिक समय तक पानी जमा न रहने देने, कूलर, गमलों, टूटे टायर, फ्रिज की ट्रे आदि की नियमित सफाई करने तथा दरवाजों और खिड़कियों में जाली लगाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएमओ (वेक्टर बॉर्न डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम) डॉ. हरेंद्र कुमार, अरबन नोडल अधिकारी डॉ. आरपी यादव, डीएमओ सीपी मिश्रा, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, एचईओ लालबचन चौधरी एवं सहयोगी संस्था सीफार के जिला प्रतिनिधि सहित कई स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।