गैर-इरादतन हत्या के मामले में
देवरिया: गैर-इरादतन हत्या के मामले में एक अभियुक्त गिरफ्तार
देवरिया, 30 अप्रैल। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बरियारपुर थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के एक मामले में नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर के पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए बरियारपुर थाना पुलिस ने अभियुक्त सूर्यभान चौहान (55 वर्ष), निवासी घटैलाचेती, को मुखबिर की सूचना पर पड़री मल्ल-देवरिया मीर नहर रोड के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल को जनार्दन शर्मा निवासी घटैलाचेती ने थाना बरियारपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके पुत्र देवानंद शर्मा को गांव के ही सूर्यभान चौहान ने 26 अप्रैल की शाम अपने घर बुलाकर जानलेवा हमला किया था। गंभीर रूप से घायल देवानंद की इलाज के दौरान 28 अप्रैल की सुबह मृत्यु हो गई।
इस मामले में थाना बरियारपुर पर मुकदमा संख्या 71/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। तत्पश्चात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल पुलिसकर्मी: थानाध्यक्ष दीपक सिंह, कांस्टेबल अखिलेश गुप्ता, कांस्टेबल संजय यादव, महिला कांस्टेबल रोशनी यादव एवं महिला कांस्टेबल सोनम।