जिला कारागार व राजकीय बालगृह का डीएम,
देवरिया, 30 मार्च 2026। जिला प्रशासन एवं न्यायिक अधिकारियों ने सोमवार को जिला कारागार एवं राजकीय बालगृह का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, खानपान एवं अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, जिला जज धनेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) मंजू कुमारी तथा पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन शामिल रहे। अधिकारियों ने जिला कारागार में सुरक्षा व्यवस्था की जांच करते हुए निगरानी तंत्र को और मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस दौरान कैदियों के स्वास्थ्य परीक्षण, भोजन की गुणवत्ता एवं अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने विशेष रूप से कारागार की सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कारागार में लगे सीसीटीवी कैमरों के प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत अधिकारियों ने राजकीय बालगृह का भी निरीक्षण किया। यहां रह रहे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, खानपान एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा मानसिक विकास हेतु गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बालगृह में साफ-सफाई एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया और कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।