देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

कड़ी निगरानी में शुरू हुई होमगार्ड भर्ती परीक्षा : पहले दिन डीएम-एसपी का सख्त संदेश

देवरिया | 25-Apr-2026 06:10 PM | 548 |
देवरिया
पहले दिन डीएम-एसपी का सख्त संदेश

 कड़ी निगरानी में शुरू हुई होमगार्ड भर्ती परीक्षा, पहले दिन डीएम-एसपी का सख्त संदेश
देवरिया, 25 अप्रैल। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से जनपद के 10 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी के बीच शुरू हो गई। तीन दिवसीय इस परीक्षा (25, 26 व 27 अप्रैल) के पहले दिन ही जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने खुद मोर्चा संभालते हुए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज और महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज समेत कई केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, बैठने की व्यवस्था और अभ्यर्थियों की चेकिंग प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने साफ शब्दों में कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा। सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश मौके पर ही दिए गए।
प्रशासन के मुताबिक प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, सह-व्यवस्थापक, बाह्य परीक्षा सहायक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आरक्षित मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई होगी।
प्रशासन की चौकस निगरानी में पहले दिन परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। आगामी दो दिनों के लिए भी इसी तरह की कड़ी व्यवस्था जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
👉 खास बात:
जिले में 10 परीक्षा केंद्र
दो पालियों में हो रही परीक्षा
हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात
सीसीटीवी से पूरी निगरानी

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.