PHM NEWS

लार युवा मोर्चा की पहल रंग लाई, नगर पंचायत ने तारों से हटवाए फटे कपड़े

प्रकाशित: 07 Mar 2026


 देवरिया ब्यूरो युगेश तिवारी लार युवा मोर्चा की पहल रंग लाई, नगर पंचायत ने तारों से हटवाए फटे कपड़े
स्थानीय लोगों ने समाधान पर जताई खुशी, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना
लार। नगर पंचायत लार के मुख्य तिराहा पर बिजली के तारों में बड़ी संख्या में लटके फटे एवं रंगे कपड़ों की समस्या को लेकर उठाई गई आवाज का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं लार युवा मोर्चा के अध्यक्ष साहू विशाल कुमार गुप्ता द्वारा नगर पंचायत प्रशासन को भेजे गए पत्र के बाद प्रशासन हरकत में आया और मुख्य तिराहा के बिजली तारों पर लटके फटे कपड़ों को हटवाकर सफाई कराई गई।
गौरतलब है कि होली के दिन युवाओं ने मुख्य तिराहा पर होली खेली थी और बड़ी संख्या में फटे कपड़े बिजली के तारों पर फेंक दिए थे। इससे न केवल नगर की स्वच्छता और सुंदरता प्रभावित हो रही थी, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए साहू विशाल कुमार गुप्ता ने सोमवार को नगर पंचायत प्रशासन को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। पत्र के संज्ञान में आते ही प्रशासन ने मंगलवार सुबह कर्मचारियों को मौके पर भेजकर तारों पर लटके सभी फटे कपड़ों को हटवा दिया।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में साफ-सफाई बहाल हो गई और संभावित दुर्घटना का खतरा भी टल गया। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस लेते हुए प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता साहू विशाल कुमार गुप्ता ने कहा कि नगर की स्वच्छता, सुरक्षा और सुंदरता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों को इसी तरह गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान होने से संभावित हादसे को टाला जा सका है। लोगों ने उम्मीद जताई कि नगर पंचायत आगे भी नगर की व्यवस्था और स्वच्छता को लेकर सतर्क रहेगा।