लाइव लोकेशन से होगी सफाई कर्मियों की निगरानी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
देवरिया,। ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। अब ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मियों की उपस्थिति का सत्यापन मोबाइल की गूगल लाइव लोकेशन के माध्यम से किया जाएगा। निर्धारित कार्यस्थल से अनुपस्थित या बिना अनुमति अन्यत्र पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने सभी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि प्रतिदिन सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे के बीच किसी भी समय सफाई कर्मियों की लाइव लोकेशन लेकर उनकी वास्तविक उपस्थिति का सत्यापन किया जाए। उन्होंने प्रत्येक एडीओ (पंचायत) को प्रतिदिन रैंडम आधार पर कम से कम 10 ग्राम पंचायतों के सफाई कर्मियों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण में अनुपस्थित या कार्यस्थल पर नहीं मिलने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति करते हुए तत्काल जिला पंचायत राज अधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
जनपद की ग्राम पंचायतों में कुल 2,108 सफाई कर्मी तैनात हैं। इनमें गौरीबाजार में 129, पथरदेवा में 131, तरकुलवा में 73, देवरिया सदर में 183, बैतालपुर में 151, भलुअनी में 168, भटनी में 138, भाटपाररानी में 108, बरहज में 93, रुद्रपुर में 138, बनकटा में 146, भागलपुर में 111, देसही देवरिया में 82, लार में 108, सलेमपुर में 217 तथा रामपुर कारखाना में 132 सफाई कर्मी कार्यरत हैं।
सीडीओ ने सभी सफाई कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित समय में अपनी आवंटित ग्राम पंचायत में उपस्थित रहकर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनधिकृत अनुपस्थिति या निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाना है, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।