PHM NEWS

नवागत डीएम मधुसूदन हुल्गी ने संभाला कार्यभार

प्रकाशित: 06 May 2026

देवरिया में नवागत डीएम मधुसूदन हुल्गी ने संभाला कार्यभार, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
देवरिया, 06 मई। जनपद देवरिया को बुधवार को नया जिलाधिकारी मिल गया। वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कोषागार पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। मूल रूप से कर्नाटक के निवासी हुल्गी इससे पूर्व मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव के पद पर तैनात थे। उन्होंने देवरिया के 69वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की सभी योजनाओं और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
नवागत डीएम ने अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने आमजन से संवाद को मजबूत बनाने की बात कही, ताकि समस्याओं को समझकर समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।
कार्यभार संभालने के बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायालय कक्ष, एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय, नजारत, संयुक्त कार्यालय, भूलेख, अभिलेखागार और नवीन सभागार का जायजा लिया। अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने अपने कक्ष में अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जनसुनवाई कर आम लोगों की समस्याएं सुनीं। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त) रामशंकर, उपजिलाधिकारी सदर सीमा पांडेय, उपजिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश कुमार निगम, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पाण्डेय, प्रशासनिक अधिकारी सुशील कुमार, डीआईओ एनआईसी कृष्णानंद यादव, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर राजीव कुमार मिश्र समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।