निजी अस्पतालों में हो रही डिलीवरी की होगी निगरानी
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सीडीओ ने दिए सख्त निर्देश
देवरिया, 17 मार्च। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मातृत्व स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की विस्तार से समीक्षा की गई। खराब प्रदर्शन करने वाले एमओआईसी को कड़ी फटकार लगाते हुए सीडीओ ने सुधार के साथ संस्थागत प्रसव को शत-प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए।
संस्थागत प्रसव की कम संख्या पर नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने तरकुलवा, लार, भागलपुर और बनकटा ब्लॉक के प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया कि निजी अस्पतालों में होने वाली डिलीवरी की भी नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों और वहां आने वाले मरीजों के लिए बनाए गए शौचालयों में साफ-सफाई बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
सीडीओ ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के माध्यम से शत-प्रतिशत एनसीडी स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही सीएचओ, ग्राम प्रधान, एएनएम, संगिनी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, कोटेदार, पंचायत सहायक और समूह सखी के सहयोग से अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर बल दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर तैनाती के बाद लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले सीएचओ के विरुद्ध सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा परिवार नियोजन, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम और कुष्ठ रोग नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े आगामी अभियानों को सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों और प्रभारी चिकित्साधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों की सभी अनुमन्य जांच समय से कराई जाएं तथा टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का समय से पंजीकरण कर संबंधित पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही हाईरिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं की संवेदनशीलता के साथ जांच और सतत निगरानी करते हुए उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक में एसीएमओ डॉ. एस.के. सिन्हा, डीटीओ राजेश कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पांडेय, मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.के. श्रीवास्तव, डॉ. आर.पी. यादव, डॉ. विपिन रंजन, डीएमओ सी.पी. मिश्रा, डीपीएम पूनम गुप्ता, डीसीपीएम राजेश गुप्ता सहित सहयोगी संस्थाओं सीफार, यूनिसेफ और यूपीटीएसयू के जिला प्रतिनिधि मौजूद रहे।