PHM NEWS

कार से 4 पेटी बीयर और अंग्रेजी शराब

प्रकाशित: 19 Apr 2026

देवरिया में बड़ी कार्रवाई: कार से 4 पेटी बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
देवरिया, 19 अप्रैल। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बनकटा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक सैंट्रो कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर चल रही सख्त कार्रवाई के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में बनकटा पुलिस टीम ने रविवार सुबह चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सटीक सूचना पर रामपुर बुजुर्ग चेकपोस्ट पर एक संदिग्ध सैंट्रो कार (BR 7D 6328) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 4 पेटी किंगफिशर एक्स्ट्रा स्ट्रांग बीयर (96 केन, कुल 48 लीटर) और 6 बोतल रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की (कुल 4.5 लीटर) बरामद हुई। पुलिस के अनुसार यह अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही थी।
मौके से गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रशांत कुमार (42 वर्ष) निवासी मुजफ्फरपुर और प्रियरंजन कुमार (28 वर्ष) निवासी मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना बनकटा में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल सुभाष चंद्र, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार और कांस्टेबल आज्ञाराम कन्नौजिया की अहम भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा।