पीड़िताओं की सुरक्षा में लापरवाही अक्षम्य
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) शैलजा मिश्रा ने सोमवार को वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया।
सचिव शैलजा मिश्रा ने कहा कि पीड़िताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज और संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी है। उनके अधिकारों के प्रति सभी को सजग रहना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेंटर में रह रही चार महिलाओं से बातचीत कर भोजन, पानी, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही कार्मिक उपस्थिति रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर तथा अन्य अभिलेखों का भी निरीक्षण किया और उन्हें व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
सचिव ने वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक नीतू भारती को सुरक्षा व्यवस्था में पाई गई कमियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित सुरक्षा प्रभारी से समन्वय स्थापित कर पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन महिलाओं को विधिक सहायता की आवश्यकता है, उनके मामलों को चिन्हित कर अधिक से अधिक संख्या में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में संदर्भित किया जाए, ताकि उन्हें समय पर कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।