PHM NEWS

प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावियों का सम्मान

प्रकाशित: 28 Apr 2026

प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावियों का सम्मान, डीएम ने बढ़ाया उत्साह
देवरिया, 28 अप्रैल 2026।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने की, जिन्होंने मेधावियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर हाईस्कूल के 17 तथा इंटरमीडिएट के 11 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो जीवन को नई दिशा और ऊंचाई प्रदान करता है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर परिश्रम करना चाहिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. स्कन्द शुक्ल ने भी मेधावियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने और शिक्षा के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास करने की प्रेरणा दी। साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना यह सफलता संभव नहीं है।
हाईस्कूल में इन छात्रों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन:
साक्षी राय (96.50%), प्रीती यादव व श्वेता पटेल (96.33%), आकांक्षा सिंह (96.17%), श्वेता मौर्या (95.67%), सुप्रिया (95.33%), रोहित प्रजापति, अनुभव मिश्रा, अर्पिता सिंह (95.17%), अंशु यादव व नीमी प्रजापति (95%), रीधी उदयपुरिया (94.83%), आदित्य मौर्या, सुप्रिया सिंह व प्रिया गुप्ता (94.67%), सुप्रिया पटेल व सृष्टि यादव (94.50%)।
इंटरमीडिएट में ये रहे अव्वल:
सलोनी प्रजापति (93.60%), तुलिका चौरसिया (91.80%), कुमार काजल पाल (91.60%), निर्भय गौंड (91.40%), श्रुति यादव (91.20%), अनन्या सिंह (91%), अराधना कुमारी (90.20%), आशिया खातून (89.80%), शिवांगी वर्मा (89.40%), शालिनी राव (89.40%) तथा शालू यादव (89.20%)।
कार्यक्रम में सह जिला विद्यालय निरीक्षक निलेश पांडेय, जीआईसी देवरिया के प्रधानाचार्य रामकिंकर मिश्र, उपप्रधानाचार्य महेंद्र प्रसाद, माडर्न सिटी मोंटेसरी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य आद्या प्रसाद तिवारी, जिला समन्वयक सुदीप पांडेय सहित कई शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
समारोह में मेधावियों की उपलब्धियों ने न केवल उनके परिवार और विद्यालय का गौरव बढ़ाया, बल्कि जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया