PHM NEWS

डकैती व लूट की दो घटनाओं का खुलासा, छह बदमाश गिरफ्तार

प्रकाशित: 08 Mar 2026

डकैती व लूट की दो घटनाओं का खुलासा, छह बदमाश गिरफ्तार
देवरिया। रुद्रपुर पुलिस ने डकैती और लूट की दो घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का नकदी, अवैध असलहे और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय व क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के पर्यवेक्षण में थाना रुद्रपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लखनाघाट मोड़, रुद्रपुर-डाला मार्ग से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में गोलू यादव, राजन गुप्ता, राहुल साहनी, शिवम सिंह, रोशन यादव उर्फ छोटू और नितेश यादव निवासी थाना बड़हलगंज जनपद गोरखपुर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल, चार तमंचा, पांच जिंदा कारतूस, लूट व डकैती के कुल 4,900 रुपये तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 28 फरवरी 2026 को डहरौली बुजुर्ग स्थित ओमकार नाथ साहनी पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से 8,440 रुपये लूटे थे। इसके अलावा 3 दिसंबर 2025 को तिघरा-खैरवा बंधे के पास एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल व मोबाइल छीनने की घटना को भी अंजाम दिया था।
पुलिस ने दोनों घटनाओं का खुलासा करते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।