PHM NEWS

सलेमपुर में दर्दनाक घटना:

प्रकाशित: 11 Mar 2026

सलेमपुर में दर्दनाक घटना: बीमारी से जूझ रहे युवक ने जीवन से हार मानी
देवरिया सलेमपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब पेट की गंभीर बीमारी से लंबे समय से परेशान एक युवक ने नदावर पुल के पास पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
मृतक की पहचान झब्बर राजभर (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ सलेमपुर में रहते थे। परिजनों के अनुसार झब्बर पिछले कुछ समय से पेट की बीमारी से जूझ रहे थे और हाल ही में उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। बीमारी और आर्थिक परेशानियों के कारण वे मानसिक रूप से भी काफी तनाव में रहने लगे थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह ग्रामीणों ने नदावर पुल के पास एक पेड़ से लटकता हुआ शव देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोगों ने बताया कि झब्बर मिलनसार और मेहनती स्वभाव के व्यक्ति थे, लेकिन लंबे समय से बीमारी से परेशान थे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है।
इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।