PHM NEWS

भटनी गैस एजेंसी पर अव्यवस्था

प्रकाशित: 02 Apr 2026

भटनी गैस एजेंसी पर अव्यवस्था, एसडीएम दिशा श्रीवास्तव के हस्तक्षेप से बंटी गैस
भटनी/देवरिया । भटनी स्थित सुमित्रा इंडियन गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज़ उपभोक्ताओं की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों में आक्रोश इस कदर बढ़ गया कि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर सलेमपुर की एसडीएम दिशा श्रीवास्तव मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने गैस एजेंसी संचालक को तत्काल गैस वितरण सुचारु रूप से करने के निर्देश दिए। एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद गैस वितरण शुरू कराया गया, जिससे लोगों को राहत मिली।
इस दौरान उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी पर वितरण कार्य मनमाने तरीके से किया जा रहा है। न तो कोई तय समय का पालन हो रहा है और न ही कोई स्पष्ट शेड्यूल लागू है। लोगों का कहना है कि जो शेड्यूल बताया जाता है, उस पर भी अमल नहीं किया जाता, जिससे उन्हें बार-बार परेशान होना पड़ता है।
स्थिति को देखते हुए एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने मौके पर मौजूद लोगों को शांत कराया और उन्हें आश्वासन दिया कि आगे से गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और नियमित बनाया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने एसडीएम के त्वरित कार्रवाई की सराहना की और उम्मीद जताई कि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा नहीं होगी। वहीं, गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में अभी भी नाराज़गी देखी जा रही है।