स्वास्थ्य केंद्रों पर चाक-चौबंद रहे स्वास्थ्य व्यवस्था: सीएमओ
देवरिया ब्यूरो यूगेश तिवारी स्वास्थ्य केंद्रों पर चाक-चौबंद रहे स्वास्थ्य व्यवस्था: सीएमओ
— मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का किया निरीक्षण
रविवार को सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोरमा कन्होली एवं रामलक्षन में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वस्थ मेले का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेले में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीएमओ ने चिकित्सकों सहित सभी स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिया कि मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध सभी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। होली पर्व के मद्देनज़र उन्होंने चिकित्सकों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए और स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्था चाक-चौबंद रखने पर जोर दिया।
सबसे पहले सीएमओ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोरमा कन्होली पहुंचे। यहां चिकित्सा अधिकारी, स्टाफ नर्स एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित मिले। ओपीडी में चिकित्सक मरीजों का उपचार करते पाए गए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के साथ मधुर एवं शालीन व्यवहार करने की हिदायत दी। दवा भंडारण कक्ष एवं लैब का निरीक्षण कर उन्होंने सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
इसके बाद सीएमओ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामलक्षन पहुंचे, जहां भी सभी चिकित्सक व स्टाफ उपस्थित मिले। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। लैब का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जांच संबंधी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता विश्वनाथ मल्ल भी मौजूद रहे।