PHM NEWS

उप-पंजीयक कार्यालय का डीएम ने किया औचक

प्रकाशित: 10 Jul 2026

उप-पंजीयक कार्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं परखी
देवरिया, । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को शहर स्थित उप-पंजीयक कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रजिस्ट्री कार्य, अभिलेखों के रखरखाव, स्वच्छता व्यवस्था और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न पंजिकाओं एवं अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उनके नियमित संधारण की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अभिलेख सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखे जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल उपलब्ध कराया जा सके।
डीएम ने रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोगों के लिए प्रतीक्षालय, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। जहां आवश्यक सुधार की जरूरत मिली, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, पारदर्शी और सम्मानजनक सेवाएं मिलनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रजिस्ट्री कार्य पूरी तरह पारदर्शी और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप समयबद्ध ढंग से संपन्न कराया जाए। किसी भी प्रकार की टालमटोल, हीला-हवाली अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी प्रकरणों का निस्तारण तय समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर भी जोर देते हुए नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।