PHM NEWS

शिक्षा माफियाओं पर कार्रवाई की मांग, मशाल यात्रा निकाल अभाविप ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

प्रकाशित: 07 Sep 2025

गोरक्ष प्रांत की गोरखपुर महानगर इकाई ने शुक्रवार को मशाल यात्रा निकालकर श्रीराम स्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय, बाराबंकी में हो रहे शैक्षिक भ्रष्टाचार और शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे कार्यकर्ताओं पर हुए बर्बर पुलिस लाठीचार्ज का विरोध किया।

मशाल यात्रा प्रांत कार्यालय से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए गोलघर पहुंची और वहीं से वापस कार्यालय पर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और मांगे पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन प्रदेशव्यापी और उग्र रूप लेगा।

अभाविप की प्रमुख मांगे

विधि छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों और बाहरी गुंडों पर कठोर कार्रवाई।

यह स्पष्ट किया जाए कि लाठीचार्ज का आदेश किसने दिया।

बिना अनुमति चल रहे विधि पाठ्यक्रम की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी विश्वविद्यालय अधिकारियों को दंडित किया जाए तथा विश्वविद्यालय तत्काल बंद हो।

SRM विश्वविद्यालय द्वारा सरकारी भूमि पर कब्जा व अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई हो।

अवैध फीस वसूली, सामाजिक कल्याण शुल्क और मनमाने निष्कासन की जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
अभाविप नेताओं के बयान

अभाविप प्रांत मंत्री मयंक राय ने कहा कि छात्रों पर हुआ लाठीचार्ज लोकतंत्र पर कलंक है। शिक्षा माफियाओं और प्रशासन की मिलीभगत से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे कार्यकर्ताओं पर हमला कराया गया, जो विद्यार्थियों की आवाज़ दबाने की कोशिश है। यदि 48 घंटे में कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन होगा।

अभाविप महानगर मंत्री अभिषेक मौर्या ने कहा कि छात्रों पर उठी हर लाठी, देश के भविष्य पर प्रहार है। श्रीराम स्वरूप विश्वविद्यालय प्रकरण समाज को झकझोर देने वाला है और परिषद छात्रों की सुरक्षा व सम्मान के लिए हर हद तक संघर्ष करेगी।

मशाल यात्रा में शामिल कार्यकर्ता

ऋषभ सिंह, सौम्या गुप्ता, सम्पदा द्विवेदी, ओंकार मिश्र, अर्पित कसौधन, आलोक गुप्ता, दिव्यांश, हर्षित मालवीय, शुभम गोविंद राव, प्रशांत त्रिपाठी, आर्यन, आयुष्मान, आराध्या सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।