PHM NEWS

कैबिनेट मंत्री ने सर्किट हाउस में बुनकरों से की बैठक, समस्याओं के निस्तारण का दिया भरोसा

प्रकाशित: 10 Oct 2025

गोरखपुर। हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने शुक्रवार को गोरखपुर सर्किट हाउस में बुनकरों और खादी ग्रामोद्योग से जुड़े लोगों के साथ बैठक की। बैठक में बुनकरों ने अपनी विभिन्न समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री सचान ने उनकी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का भरोसा देते हुए कहा कि सरकार बुनकरों के हितों के प्रति संवेदनशील है और उनके लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार बुनकरों को विद्युत बिल में 860 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान कर रही है, जिससे उद्योग को मजबूती मिले और यह परंपरागत कला जीवित रह सके। उन्होंने कहा कि बुनकरों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार विद्युत विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रही है।

बैठक के दौरान मंत्री ने पावरलूम बुनकरों के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि संयंत्र पर मिलने वाली सब्सिडी सीधे बुनकरों के खातों में भेजवाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे उत्पादन लागत में कमी आएगी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर मंत्री ने बुनकरों को सरकार की चल रही विभिन्न योजनाओं—जैसे प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री हस्तशिल्प विकास योजना और बुनकर क्रेडिट कार्ड योजना—की जानकारी भी दी।

बैठक में विभागीय अधिकारी, बुनकर संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय बुनकर उपस्थित रहे।