PHM NEWS

कब्जामुक्त कराएं जमीन, दबंगों पर कड़ी कार्रवाई करें : सीएम योगी

प्रकाशित: 11 Sep 2025

गोरखपुर, 10 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वालों को किसी कीमत पर न बख्शा जाए। जमीन को तुरंत कब्जामुक्त कराकर दबंगों को कानूनी सबक सिखाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार सबकी खुशहाली और न्याय सुनिश्चित करने के लिए संकल्पित है।

गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में सीएम ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और हर समस्या का समाधान संवेदनशीलता और पारदर्शिता से किया जाएगा।

इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को आश्वस्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी का भी इलाज पैसे की कमी से नहीं रुकेगा। सभी मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए उन्होंने समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में मौजूद बच्चों को सीएम योगी ने आशीर्वाद दिया और एक महिला को समझाते हुए कहा कि बच्ची का एडमिशन स्कूल में जरूर कराएं, क्योंकि सरकारी स्कूलों में शिक्षा और अन्य सुविधाएं निःशुल्क हैं।