गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

सीएम योगी ने प्रो. यूपी सिंह को दी श्रद्धांजलि, कहा– शिक्षा व समाज सेवा में उनका योगदान अमूल्य : गोरखनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धांजलि व ब्रह्मभोज का आयोजन, जनसेवा, शिक्षा, चिकित्सा और व्यवसाय क्षेत्र की हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

गोरखपुर | 10-Oct-2025 08:13 PM | 47 |
गोरखपुर
गोरखनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धांजलि व ब्रह्मभोज का आयोजन, जनसेवा, शिक्षा, चिकित्सा और व्यवसाय क्षेत्र की हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

गोरखपुर, 9 अक्टूबर।

महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष रहे एवं पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. यूपी सिंह की स्मृति में गुरुवार शाम गोरखनाथ मंदिर स्थित पर्यटन सुविधा केंद्र परिसर में श्रद्धांजलि अर्पण और ब्रह्मभोज का आयोजन हुआ। इस अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहुंचकर प्रो. सिंह के चित्र पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और उनकी आत्मा की शांति के लिए गुरु गोरखनाथ से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री योगी ने परिजनों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि प्रो. यूपी सिंह का जीवन सेवा, समर्पण और शिक्षा के प्रति निष्ठा का उदाहरण रहा है। उन्होंने कहा कि प्रो. सिंह ने गोरक्षपीठ और महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की सेवा में अपना पूरा जीवन समर्पित किया, उनका योगदान पीढ़ियों तक स्मरणीय रहेगा।

प्रो. यूपी सिंह का 27 सितंबर को निधन हुआ था। वह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और 2018 से महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे। अपने दीर्घ शैक्षणिक एवं सामाजिक जीवन में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक तथा विद्या भारती में भी अनेक दायित्वों का सफल निर्वहन किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, राज्यसभा के पूर्व सदस्य जयप्रकाश निषाद, महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के. रामचंद्रा रेड्डी, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सुरिंदर सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी समेत शिक्षा, चिकित्सा, व्यवसाय और समाज सेवा के क्षेत्र से जुड़ी अनेक नामचीन हस्तियां मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के विभिन्न वर्गों से लोग उपस्थित रहे और प्रो. सिंह के प्रेरणादायी जीवन को नमन किया।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.