गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

मण्डलायुक्त ने विकास योजनाओं की धीमी प्रगति पर जताई नाराज़गी : अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश

गोरखपुर | 04-Sep-2025 10:58 PM | 47 |
गोरखपुर
अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश

गोरखपुर। मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत चल रही परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर गहरी नाराज़गी जताई। उन्होंने नगर निगम और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को निर्देशित किया कि अवशेष कार्यों को तत्काल प्रभाव से पूरा किया जाए। साथ ही स्पष्ट किया कि पूर्वांचल विकास निधि (जिलांश/राज्यांश) और त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत हो रहे कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त सभागार में आयोजित मण्डलीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मण्डलायुक्त ने सभी संबंधित विभागों से अद्यतन प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने कहा कि विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया कि लक्ष्यों की पूर्ति के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करें और समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

बैठक में जिलाधिकारी गोरखपुर दीपक मीणा, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट की स्थिति पर विस्तृत जानकारी दी।

बैठक के बाद मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने उप पुलिस महानिरीक्षक एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नैय्यर के साथ जीआरडी कैंपस का निरीक्षण किया। आगामी मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मंच और दर्शक दीर्घा का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को शेष कार्य तुरंत पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं, बैठने की व्यवस्था और अन्य तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मण्डलायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता के साथ निभाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.