गोरखपुर । एबीसी पब्लिक स्कूल गोरखपुर में साइबर अपराध जागरूकता कार्यशाला आयोजित
गोरखपुर। पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में गुरुवार को एबीसी पब्लिक स्कूल, दिव्य नगर में साइबर अपराध जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और साइबर सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यशाला में क्षेत्राधिकारी कैण्ट, थाना कैण्ट प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने छात्रों को साइबर अपराध से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी।
छात्रों को विशेष रूप से बताया गया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक संबंधी विवरण या पासवर्ड साझा न करें। सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी उजागर करने से बचें और किसी संदिग्ध लिंक या ईमेल पर क्लिक न करें। इसके साथ ही पासवर्ड को मजबूत बनाने और समय-समय पर बदलने की आदत विकसित करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में सतर्कता और जागरूकता ही बचाव का सबसे कारगर उपाय है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे न केवल खुद को, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
कार्यशाला के अंत में छात्रों ने सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस विभाग का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि छात्र डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रह सकें।