गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

पर्यावरण संरक्षण पर चित्रकला प्रदर्शनी: पद्मश्री डॉ. चौधरी बोले—हर नागरिक निभाए जिम्मेदारी : बच्चों की चित्रकला में दिखी सोच और संवेदनशीलता; विभिन्न वर्गों में 62 प्रतिभागियों को मिला सम्मान

गोरखपुर | 17-Nov-2025 11:46 AM | 47 |
गोरखपुर
बच्चों की चित्रकला में दिखी सोच और संवेदनशीलता; विभिन्न वर्गों में 62 प्रतिभागियों को मिला सम्मान

गोरखपुर। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को सन रोज संस्थान द्वारा सिविल लाइंस स्थित वैष्णवी लान में भव्य चित्रकला प्रदर्शनी और पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पद्मश्री कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामचेत चौधरी, विशिष्ट अतिथि भाजपा मोर्चा के उपाध्यक्ष मनीष जैन और समाचार पत्र के व्यवस्थापक अखिलेश चंद मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया तथा बच्चों द्वारा बनाए गए पर्यावरण आधारित चित्रों का अवलोकन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए पद्मश्री डॉ. रामचेत चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण विश्व के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, क्योंकि पर्यावरण असंतुलित होने पर मानव जीवन, पशु-पक्षी और कृषि सभी पर दुष्प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास नई पीढ़ी को संवेदनशील और जिम्मेदार बनाने में सहायक होते हैं। मनीष जैन ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में बच्चों द्वारा पर्यावरण जैसे गंभीर विषय पर चित्रण करना उनकी जागरूकता और बौद्धिक क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने संस्थान के इस आयोजन को अत्यंत सराहनीय बताया।

अखिलेश चंद ने कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए पर्यावरण को सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए बच्चों को बचपन से ही प्रकृति संरक्षण के प्रति सजग बनाना समय की मांग है। संस्थान के चेयरमैन विवेक कुमार अस्थाना ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति हमेशा पूजनीय रही है, इसलिए उसे संरक्षित रखना केवल कर्तव्य ही नहीं बल्कि परंपरा भी है।

कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव ने भजन प्रस्तुत कर माहौल को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। निर्णायक मंडल में संतोष कुमार श्रीवास्तव, कला शिक्षक सुरेंद्र प्रजापति, रंजीत कुमार प्रजापति और प्रचार सचिव कुलदीप शर्मा को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश सिंह ने किया।

प्रदर्शनी के साथ ही 9 नवंबर को आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के परिणाम भी घोषित किए गए। जूनियर वर्ग में रितिका जायसवाल प्रथम, अंजली कुमारी द्वितीय, तथा अस्तित्व गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, सीनियर वर्ग में रोशनी प्रथम, शिल्पी द्वितीय और श्रेया विश्वकर्मा को तृतीय पुरस्कार मिला। दोनों वर्गों में विशेष सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। सभी 62 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक विजय खेमका, निदेशक शाहाब तारिक, उपसचिव देश दीपक, रंजीत कुमार प्रजापति, रवि वर्मा, अभिषेक सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में संस्थान की पूरी टीम सक्रिय रही। प्रदर्शनी को अभिभावकों और आगंतुकों ने खूब सराहा और बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा की।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.