दीपावली से पहले फूड विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1000 किलो मिलावटी खोवा बरामद
गोरखपुर, 9 अक्टूबर।
दीपावली से पहले मिलावटी मिठाइयों पर लगाम लगाने के लिए फूड विभाग ने गुरुवार की सुबह बड़ी कार्रवाई की। सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने चिलुआताल थाना क्षेत्र के फर्टिलाइजर कॉलोनी स्थित एक मिठाई फैक्ट्री पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान विभागीय टीम ने फैक्ट्री से लगभग 1000 किलो खोवा और 10 क्विंटल मिल्क केक बरामद किया। टीम ने मौके से रिफाइंड ऑयल, मिल्क पाउडर, ग्लूकोज और मीठे खोवे के नमूने एकत्रित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सिंह ने बताया कि त्योहारों के समय मिठाई कारोबारियों द्वारा अधिक मुनाफे के लिए मिलावटी सामग्री का उपयोग किया जाता है। इस तरह की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए यह छापा मारा गया। खराब पाए गए खोवे को मौके पर नष्ट कराया गया, जबकि अन्य सामग्री को सील कर मालिक की अभिरक्षा में सौंपा गया है।
डॉ. सिंह ने कहा कि फैक्ट्री संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और सुधार न होने पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग पहले भी कई मामलों में एफआईआर दर्ज कर चुका है और मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
फूड विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।