PHM NEWS

जनमानस की सुविधा के लिए सड़क और सेतु निर्माण कार्य जल्द पूर्ण कराएं: डीएम

प्रकाशित: 18 Sep 2025

गोरखपुर। जनपद में सड़क चौड़ीकरण, सेतु निर्माण और बाईपास सड़कों के निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने के लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अभिलंब कार्य पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए और कहा कि यदि किसी भी परियोजना में लापरवाही बरती गई या जनमानस को सुविधा में शिथिलता हुई, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शहर और जिले में कई विकास कार्य चल रहे हैं, जिनमें फोरलेन सड़कें, ओवर ब्रिज और विभिन्न सेतु निर्माण कार्य शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निर्देशित स्थानों में प्रमुख कार्य हैं:

बरगदवा चौराहे से फर्टिलाइजर मार्ग

नकहा ओवर ब्रिज चौरी चौरा

भोपा बाजार से मुंडेरवा बाजार

सोनबरसा बाजार रेल ऊपरगामी मार्ग

जेल बाईपास, खजांची चौक से पादरी बाजार

गोरखपुर–लखनऊ मार्ग, राजघाट सेतु

ट्रांसपोर्ट नगर–देवरिया बाईपास रोड

पैडलेगंज सिक्स लेन फ्लाईओवर

मनीराम–पीपीगंज, हड़हवा फाटक सेतु

आमी नदी पर कटका पीपा पुल

रहमत नगर–माधोपुर रोड रेल ऊपरगामी सेतु

जिलाधिकारी ने सभी जिम्मेदार अधिकारियों को निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि कार्यों में देरी से जिले के विकास कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।

बैठक में मुख्य रूप से मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा, उप जिलाधिकारी दीपक गुप्ता, उप जिलाधिकारी सहजनवा केसरी नंदन तिवारी, उप जिलाधिकारी खजनी राजेश प्रताप सिंह, परियोजना प्रबंधक ए के सिंह, जीडीए अधीक्षण अभियंता किशन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी निर्माण कार्य निगरानी और नियमित समीक्षा के तहत होंगे, ताकि जनमानस को शीघ्रतम सुविधा मिल सके और विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।