PHM NEWS

प्राइवेट बस और डिलीवरी वैन में चोरी-छिपे लाया जा रहा खाद्य सामग्री का बड़ा खेप जब्त

प्रकाशित: 18 Oct 2025

गोरखपुर। जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को दो अलग-अलग जगहों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध खाद्य सामग्री का बड़ा स्टॉक जब्त किया।

पहली कार्रवाई नौसढ़ स्थित प्राइवेट बस स्टॉप पर की गई, जहां दिल्ली से आ रही एक प्राइवेट बस में 50 से अधिक डिब्बों में संदिग्ध खजूर बरामद किए गए। असिस्टेंट फूड कमिश्नर डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि जब्त खजूर के पैकेटों पर न तो FSSAI नंबर था और न ही मैन्युफैक्चरिंग डेट, जिससे यह आशंका है कि उनमें स्वास्थ्य के लिए हानिकारक तत्व मौजूद हो सकते हैं। खजूर के नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं, रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी कार्रवाई गोरखनाथ क्षेत्र में मुख्य सुरक्षा अधिकारी हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई, जहां एक डिलीवरी वैन में ब्रेड के कार्टनों के बीच छुपाकर मिठाई और नमकीन लाया जा रहा था। टीम ने मौके पर मौजूद तीन व्यक्तियों के नमूने लेकर कुछ सामान उन्हें सुपुर्द कर दिया, जबकि बाकी खाद्य सामग्री को जब्त कर स्टॉक सील कर दिया गया। जब्त माल की अनुमानित कीमत करीब ₹3 लाख बताई जा रही है।

खाद्य विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि बिना लाइसेंस और मानक के खाद्य उत्पाद लाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।