नगर आयुक्त ने दुर्गा पूजा विसर्जन की तैयारी को लेकर की बैठक
गोरखपुर। आगामी दुर्गा पूजा विसर्जन को लेकर नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने नगर निगम सभागार में अधिकारियों संग बैठक की। बैठक में अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक जलकल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल अधिकारी, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता एवं सफाई निरीक्षक मौजूद रहे।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने पिछली बार की तैयारियों में सामने आई कमियों पर चर्चा की और इस बार उन खामियों को दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विसर्जन के बाद पोखरों की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित की जाए। नगर निगम की ओर से इस बार भी तीन स्थानों पर प्रतिमा विसर्जन हेतु पोखरों की व्यवस्था की गई है। इन पोखरों की बैरिकेडिंग, पानी भराव, रोशनी, फ्लेक्स, सजावट और पहुंच मार्ग पर लोहे की प्लेट लगाने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई है।
विसर्जन मार्गों की पैचिंग, गड्ढा मुक्ति, बिजली के तारों की मरम्मत और जलभराव वाले स्थानों को ठीक कराने का भी निर्देश दिया गया। ग्रीन सिटी रोड को दुरुस्त कराने के लिए पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखने को कहा गया। साथ ही, मुख्यमंत्री के जुलूस मार्ग पर स्टैंडी, होर्डिंग, पेंटिंग, लाइटिंग और फूलों से सजावट का काम समय से पूरा करने का आदेश भी दिया गया।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों में स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से वृक्षारोपण पर भी जोर दिया गया। इसके तहत परप्रकाश विभाग द्वारा 1000 पौधे, जलकल विभाग द्वारा 500 पौधे और स्वास्थ्य विभाग द्वारा 2000 पौधे लगाए जाएंगे। नगर आयुक्त ने कहा कि वृक्षारोपण को गंभीरता से लिया जाए और इसकी निगरानी नियमित रूप से की जाए।
इस बैठक के साथ ही गोरखपुर नगर निगम ने यह सुनिश्चित कर दिया कि दुर्गा पूजा विसर्जन 2025 की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होगी और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।