गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

फोरलेन पर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच लुटेरे गिरफ्तार : चिलुआताल पुलिस की बड़ी सफलता, दो लूटी मोटरसाइकिल और फर्जी नंबर प्लेट बरामद

गोरखपुर | 04-Nov-2025 08:11 AM | 47 |
गोरखपुर
चिलुआताल पुलिस की बड़ी सफलता, दो लूटी मोटरसाइकिल और फर्जी नंबर प्लेट बरामद

गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र में सक्रिय लुटेरों के एक अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना प्रभारी सूरज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मजनू चौकी क्षेत्र से लूट में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों के साथ पाँच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान काजू निषाद उर्फ रॉनी, आजाद निषाद उर्फ विद्दू, अरुण निषाद, चंदन निषाद और गौतम निषाद उर्फ पिंटू के रूप में हुई है — सभी आरोपी थाना सहजनवां के महुआपार निवासी हैं। गिरोह का सरगना चंदन निषाद बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सुनसान फोरलेन इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटता था। लूट के बाद ये आरोपी गाड़ियों के नंबर प्लेट बदल देते थे और फिर उन्हें गैर जनपदों में बेचने का काम करते थे। इससे पहले भी क्षेत्र में इसी तरह की कई घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं, जिनके पीछे अब यही गिरोह होने की पुष्टि हुई है।

प्रेस वार्ता में एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 31 अक्टूबर को गीडा से लौट रहे एक युवक से मोटरसाइकिल लूट की घटना के दौरान अभियुक्त गौतम निषाद का आधार कार्ड घटनास्थल पर गिर गया था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने गिरोह तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने 6 सितंबर और 31 अक्टूबर को हुई लूट की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

गिरफ्तारी के समय पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लूटी गई मोटरसाइकिलें और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि अभियुक्तों से पूछताछ में अन्य जनपदों में हुई लूट की घटनाओं का खुलासा भी हो सकता है।

इस अभियान में थाना प्रभारी सूरज कुमार सिंह, चौकी प्रभारी मजनू चंदन नारायण, निरीक्षक सुनील कुमार राय (एंटी थेफ्ट प्रभारी), उपनिरीक्षक राजमंगल सिंह (एसओजी प्रभारी) सहित पुलिस बल के कई सदस्यों की प्रमुख भूमिका रही।

एसपी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय एक खतरनाक लूट गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। अभियुक्तों के खिलाफ थाना चिलुआताल में संबंधित धाराओं 309(6), 310(2), 317(3), 126(2) और 352 भा.न्या.सं. के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.