गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखपुर : व्यापारी नेता मनीष जैन की सूझबूझ से 21 लाख का चोरी का धनिया बरामद, चार हिरासत में

गोरखपुर | 24-Jul-2026 01:21 AM | 47 |
गोरखपुर
व्यापारी नेता मनीष जैन की सूझबूझ से 21 लाख का चोरी का धनिया बरामद, चार हिरासत में

विभव पाठक, ब्यूरो चीफ 


गोरखपुर। साहबगंज मंडी में करीब 21 लाख रुपये मूल्य की 12 हजार किलोग्राम गुंटूर धनिया की खेप को आधी कीमत पर बेचने की साजिश व्यापारी नेता मनीष जैन की सतर्कता से नाकाम हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और जीएसटी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया, जबकि कार सवार दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के गुना से लखनऊ भेजी गई गुंटूर धनिया की खेप को रास्ते में ही बेचने की योजना बनाई गई थी। आरोप है कि ट्रांसपोर्टर की मिलीभगत से ट्रक चालक करीब 21 लाख रुपये कीमत के इस माल को मात्र 10 लाख रुपये में बेचने का सौदा कर रहा था।
कम कीमत ने बढ़ाया शक
दो दिन पहले वरिष्ठ व्यापारी नेता मनीष जैन के पास एक व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को बस्ती का किराना व्यापारी बताते हुए 12 हजार किलो गुंटूर धनिया मात्र 10 लाख रुपये में बेचने की पेशकश की। बाजार मूल्य से लगभग आधी कीमत सुनकर मनीष जैन को संदेह हुआ।
उन्होंने सौदा करने की सहमति जताने का नाटक किया और आरोपियों को गोरखपुर बुला लिया। इसी दौरान ट्रक का नंबर जीएसटी विभाग को उपलब्ध कराकर माल की जानकारी जुटाई गई।
जांच में खुला पूरा मामला
जांच में पता चला कि धनिया की खेप मध्य प्रदेश के गुना से लखनऊ भेजी गई थी और रास्ते में उसकी अवैध बिक्री की कोशिश की जा रही थी। मनीष जैन ने माल के वास्तविक मालिक से भी संपर्क किया, जिन्होंने पुष्टि की कि खेप लखनऊ भेजी गई है और किसी अन्य को बेचने की अनुमति नहीं दी गई है।
इसके बाद व्यापारी के कर्मचारियों की मदद से ट्रक चालक समेत चार लोगों को पकड़ लिया गया। आरोपियों के साथ आई एक कार में सवार दो युवक मौके से फरार हो गए।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
राजघाट थाना प्रभारी गौरव वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गुना निवासी मसाला व्यापारी को बुलाया गया है। उनकी तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में ट्रक को गोरखपुर बुलाने में गीडा क्षेत्र के एक ट्रांसपोर्टर की भूमिका भी सामने आई है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.