गोरखपुर में Way To University का सेमिनार आयोजित, छात्रों को करियर गाइडेंस दी गई
गोरखपुर। शहर के एक निजी होटल में वे टू यूनिवर्सिटी द्वारा एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उच्च शिक्षा, करियर विकल्पों और सही विश्वविद्यालय चयन के संबंध में जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में छात्रों के लिए सही दिशा का चयन करना बेहद आवश्यक है। यदि उन्हें समय पर उचित मार्गदर्शन मिल जाए तो वे अपने लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित संतकबीरनगर के पूर्व सांसद इंजीनियर प्रवीण निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि अक्सर देखा जाता है कि प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद छात्रों और उनके अभिभावकों के सामने यह चुनौती खड़ी हो जाती है कि आगे किस कोर्स का चयन किया जाए और किस विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया जाए। सही जानकारी के अभाव में कई छात्र गलत निर्णय ले लेते हैं, जिसका असर उनके भविष्य पर पड़ता है।
उन्होंने बताया कि वे टू यूनिवर्सिटी जैसी संस्थाएं छात्रों को सही दिशा देने का कार्य कर रही हैं। यह संस्था न केवल भारत की विभिन्न यूनिवर्सिटियों के बारे में जानकारी प्रदान करती है, बल्कि विदेशों में पढ़ाई के अवसरों से भी छात्रों को अवगत कराती है। इसके माध्यम से छात्र अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार सही कोर्स और संस्थान का चयन कर सकते हैं।
सेमिनार के दौरान विशेषज्ञों ने भी छात्रों को करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और उनके सवालों के जवाब दिए। कार्यक्रम में छात्रों को एडमिशन प्रक्रिया, स्कॉलरशिप और विभिन्न कोर्सों की जानकारी विस्तार से समझाई गई।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस तरह के सेमिनार छात्रों के लिए न केवल जानकारीपूर्ण साबित होते हैं, बल्कि उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक और आत्मविश्वासी भी बनाते हैं।