गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

बाइक पर बेच रहा मिलावटी पनीर, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों से उलझा : गोरखपुर के शास्त्री चौक पर खुलेआम हो रही थी पनीर की अवैध बिक्री, जांच के दौरान हंगामा

गोरखपुर | 15-Oct-2025 12:31 PM | 47 |
गोरखपुर
गोरखपुर के शास्त्री चौक पर खुलेआम हो रही थी पनीर की अवैध बिक्री, जांच के दौरान हंगामा

गोरखपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह के निर्देश पर 8 अक्टूबर से चल रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार की शाम शास्त्री चौक पर अभियान के दौरान बड़ा हंगामा देखने को मिला।

खाद्य सुरक्षा टीम ने सड़क किनारे बिना नंबर की बाइक पर पनीर बेच रहे एक व्यक्ति को जांच के लिए रोका तो वह अधिकारियों से उलझ गया। वह न केवल जांच में सहयोग करने से मना करने लगा बल्कि अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मीडिया कर्मियों पर भी निशाना साधने लगा। कैमरा देखकर बौखलाए व्यक्ति ने यहां तक कह दिया कि “सारी मीडिया बिकी हुई है।”

गौरतलब है कि शास्त्री चौक और आसपास के इलाकों में रोजाना दर्जनों की संख्या में बाइक सवार संदिग्ध पनीर बेचते नजर आते हैं। इनकी गतिविधियों के प्रति विभाग पहले भी सतर्क था। सोमवार को सहायक आयुक्त खाद्य ने सभी विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए कहा था कि वे अपना आई कार्ड बनवा लें, जिसे विभाग निःशुल्क जारी करेगा। इसके पालन की जांच करने के लिए जब टीम मौके पर पहुंची तो एक विक्रेता आक्रोशित हो उठा।

काफी देर तक नोकझोंक चलती रही, जिसके बाद टीम ने पनीर का नमूना संग्रहित कर प्रयोगशाला भेज दिया। स्थिति बिगड़ती देख कोतवाली पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने शांति व्यवस्था कायम की।

सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि खुले में बिना मानक पैकेजिंग के पनीर बेचने वालों को पहले ही चेतावनी दी गई थी।" किसी भी हालत में मिलावटी पनीर की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"

उन्होंने बताया कि खजनी क्षेत्र के बभनान गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार के पनीर का नमूना लिया गया है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की लगातार कार्यवाही से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है, लेकिन सड़क किनारे बेखौफ ढंग से बिक रहा सस्ता और संदिग्ध गुणवत्ता वाला पनीर अभी भी आमजन के लिए खतरा बना हुआ है। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि ऐसे बिना लाइसेंस वाले विक्रेताओं से खाद्य सामग्री न खरीदें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें।

 

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.