दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं जायसवाल महिला क्लब
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम के अंतर्गत दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं जायसवाल महिला क्लब के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को शिप्रा लॉन में “नारी स्वावलंबन को समर्पित नवरंग प्रदर्शनी” का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सृजनशीलता, आत्मनिर्भरता और उद्यमशीलता को बढ़ावा देना रहा।
प्रदर्शनी में महिला स्व-सहायता समूहों एवं स्थानीय महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित विविध उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला प्रस्तुत की गई, जिनमें —
हस्तशिल्प एवं हैंडमेड क्राफ्ट्स
बेकरी एवं गृह-निर्मित खाद्य उत्पाद
आर्टिफिशियल ज्वेलरी
बांस एवं नीम की लकड़ी से बने इको-फ्रेंडली उत्पाद
साड़ियाँ और गृह-सज्जा सामग्री
मोमबत्तियाँ और गिफ्ट आइटम्स
विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शनी का अवलोकन कर महिला उद्यमियों का मनोबल बढ़ाया।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा —
“ऐसे आयोजन न सिर्फ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हैं, बल्कि समाज में उनकी नेतृत्व क्षमता को भी उजागर करते हैं।”
मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी प्रो (मेजर) विनीता पाठक ने कहा कि मिशन शक्ति जैसे अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आर्थिक स्वतंत्रता का भाव जागृत करते हैं।
कार्यक्रम में यह संकल्प भी लिया गया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों का सिलसिला जारी रखा जाएगा, ताकि महिला सशक्तिकरण की अलख समाज में निरंतर प्रज्वलित रहे।
इस अवसर पर डा. अमित उपाध्याय, डा. मीतू सिंह, जायसवाल क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज कुमार, प्रदेश महासचिव बीनू जायसवाल, जिला अध्यक्ष डॉ. सपना जायसवाल सहित बड़ी संख्या में छात्राएँ, महिलाएँ एवं शहरवासी उपस्थित रहे।