PHM NEWS

लखनऊ में वन नेशन-वन इलेक्शन पर होगा छात्र नेता सम्मेलन, गोरखपुर से उठी आवाज

प्रकाशित: 30 Aug 2025

गोरखपुर।
एक राष्ट्र-एक चुनाव (वन नेशन, वन इलेक्शन) को लेकर गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा, महामंत्री नीरज शाही और महानगर संयोजक आकर्षक मिश्रा ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित किया।

पूर्व अध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा ने कहा कि 1952 से लेकर 1967 तक देश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होते थे। लेकिन कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के चलते विधानसभाओं को भंग कर अलग-अलग चुनाव कराने की परिपाटी शुरू की, जिससे देश पर भारी आर्थिक बोझ बढ़ा।

उन्होंने बताया कि इसी मुद्दे पर सितंबर के पहले सप्ताह में लखनऊ में एक बड़ा छात्र नेता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 300 छात्र नेता शामिल होंगे। इसके बाद भी जागरूकता अभियान जारी रहेगा और प्रबुद्धजनों व युवा वोटरों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा।

महानगर संयोजक आकर्षक मिश्रा ने कहा कि “लगातार चुनाव की वजह से पांचों साल, 12 महीने देश पर आर्थिक दबाव पड़ता है और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है।”

छात्र संघ चुनाव की बहाली की मांग

छात्र संघ चुनाव के सवाल पर श्रीकांत मिश्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इसके लिए जिम्मेदार है। क्रीमी लेयर के नियम के अनुसार प्रवेश के 6-7 सप्ताह बाद छात्र संघ चुनाव होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि विश्वविद्यालय प्रशासन तुरंत चुनाव कराए, क्योंकि विश्वविद्यालय ही भविष्य के नेताओं की नर्सरी है।