PHM NEWS

राजेन्द्र हॉस्पिटल ने एफसीआई मंडल कार्यालय में लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

प्रकाशित: 28 Sep 2025

गोरखपुर। राजेन्द्र हॉस्पिटल, गोरखपुर द्वारा शनिवार को भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के मंडल कार्यालय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक बनाना था।

शिविर का उद्घाटन एफसीआई के मंडल प्रबंधक मनोज कुमार ने किया। उन्होंने प्रथम सत्र में उपस्थित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का स्वागत करते हुए बुके भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच कर्मचारियों के कार्यक्षमता और जीवनशैली को बेहतर बनाने में बड़ी भूमिका निभाती है। उन्होंने राजेन्द्र हॉस्पिटल को धन्यवाद देते हुए कहा कि सूचीबद्ध अस्पताल के रूप में यह संस्था कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है, जहां सभी प्रकार की चिकित्सा सुविधाएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं और अब बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

शिविर में लगभग 50 से 60 कर्मचारियों और उनके परिजनों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में जांच और परामर्श दिया गया। मरीजों की ब्लड प्रेशर, शुगर लेवल, हड्डी एवं जोड़ संबंधित शिकायतें, सामान्य परामर्श और दवाओं का वितरण किया गया। शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आगे की देखभाल और जीवनशैली संबंधी सुझाव भी दिए।

राजेन्द्र हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. अभिषेक यादव ने कहा कि संस्थान कर्मचारियों और समाज के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी को समझता है और समय-समय पर ऐसे आयोजन करता रहेगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आपातकालीन सेवाओं से लेकर नियमित जांच, सर्जरी, ऑर्थोपेडिक, मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति, बाल रोग तथा अन्य विशेष सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि एफसीआई कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए आवश्यकतानुसार विशेष चिकित्सा शिविर आगे भी लगाए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर एफसीआई मंडल कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। शिविर में विशेष रूप से अमित कुमार, विक्रांत विश्वकर्मा, रजत कुमार, राजेन्द्र हॉस्पिटल के प्रबंधक मोहम्मद अहमद, डॉ. मनोज यादव, मिस कृतिका, मिस शशि, सूरज लाल और सोभित सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। उपस्थित कर्मचारियों ने शिविर की व्यवस्था, चिकित्सकों के सहयोग और अस्पताल के प्रयासों की सराहना की।

शिविर के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं कर्मचारियों को बीमारी की प्रारंभिक पहचान और बेहतर इलाज की दिशा में लाभान्वित करती हैं। आगे भी इसी तरह के संयुक्त प्रयासों की योजना बनाई जा रही है।