गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेन्द्र ने संभाला पदभार, बोले— फरियादियों को न्याय दिलाना पहली प्राथमिकता : कहा— कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखना और पुलिस व्यवस्था को पारदर्शी बनाना ही मेरा लक्ष्य

गोरखपुर | 13-Nov-2025 10:52 PM | 47 |
गोरखपुर
कहा— कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखना और पुलिस व्यवस्था को पारदर्शी बनाना ही मेरा लक्ष्य

गोरखपुर। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के रूप में तैनात किए गए मृदुभाषी एवं कर्मठ पीपीएस अधिकारी ज्ञानेन्द्र ने बुधवार को अपने कार्यालय में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। जैसे ही उन्होंने पुलिस कार्यालय पहुंचकर चार्ज संभाला, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखना, अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण करना तथा फरियादियों को न्याय दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी थाने पर आने वाले फरियादी को अनावश्यक परेशानी नहीं होगी और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाएगा।

पीपीएस अधिकारी ज्ञानेन्द्र 1999 बैच के अनुभवी अधिकारी हैं। उन्होंने इलाहाबाद, गाजीपुर, बांदा, वाराणसी, जौनपुर, मथुरा, एसटीएफ और इटावा जैसे कई जनपदों में विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए अपनी कार्यकुशलता और जनसंपर्क से विशेष पहचान बनाई है। हाल ही में वे गाजीपुर में एसपी सिटी के पद पर कार्यरत थे, जहाँ उनके नेतृत्व में कई बड़े अपराधों का सफल खुलासा हुआ।

मूल रूप से बलिया जिले के निवासी ज्ञानेन्द्र अपने सहज, संवेदनशील और जनहितकारी रवैये के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर जैसे महत्वपूर्ण जनपद में सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली को पारदर्शी, संवेदनशील और जनहितकारी बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए रात्रि गश्त, बीट व्यवस्था और थानों की नियमित समीक्षा की जाएगी। ज्ञानेन्द्र ने कहा कि पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास का माहौल बनाना बेहद जरूरी है, ताकि लोग बेझिझक अपनी बात पुलिस तक पहुंचा सकें।

उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर थाने पर आने वाले व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की देरी या भेदभाव न हो।

पदभार ग्रहण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध सुधीर जायसवाल समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नए एसपी नॉर्थ को शुभकामनाएं दीं और आशा जताई कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र की कानून व्यवस्था नई ऊँचाइयों को छुएगी

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.