नवागत तिवारीपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने संभाला पदभार
गोरखपुर। तिवारीपुर थाने में नए थाना प्रभारी के रूप में पंकज कुमार सिंह ने मंगलवार की देर शाम पदभार ग्रहण कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नैय्यर के निर्देश पर उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले पंकज कुमार सिंह ने डेढ़ वर्ष पूर्व गोरखपुर में सेवा शुरू की थी। उन्हें सोनभद्र से स्थानांतरित होकर गोरखपुर लाया गया था और यहां पहले कैंपियरगंज थाना प्रभारी बनाया गया। इसके अलावा वे क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पेशकार के रूप में भी अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए एसएसपी राजकरन नैय्यर ने उन्हें तिवारीपुर थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, पूर्व थाना प्रभारी सूरज सिंह को चिलुआताल थाने का चार्ज दिया गया है।
मीडिया से बातचीत में पंकज कुमार सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता आगामी त्योहारों—दुर्गा पूजा और दशहरा—को सकुशल संपन्न कराना होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और दुर्गा पूजा समितियों के आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप काम करते हुए आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और गौ-तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों पर कड़ी रोक लगाना उनकी शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल होगा।
पंकज कुमार सिंह के पदभार ग्रहण करने के साथ ही तिवारीपुर क्षेत्र की जनता को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में न केवल त्योहार सकुशल संपन्न होंगे बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा और शांति व्यवस्था भी मजबूत होगी।