उपनिदेशक (पंचायत) ने किया निरीक्षण, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन न होने पर सचिव को फटकार : ग्राम पंचायत सरहरी में सचिवालय का निरीक्षण, स्वच्छोत्सव थीम पर ग्रामीणों को दी जानकारी
गोरखपुर। जनपद के विकास खंड भरोहिया के ग्राम पंचायत सरहरी का आज उपनिदेशक (पंचायत) गोरखपुर मंडल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत सचिवालय पहुंचकर अभिलेखों की स्थिति देखी और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक ने पंचायत सहायक को नियमित रूप से सचिवालय में उपस्थित रहने, अभिलेखों का सुरक्षित रख-रखाव और अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, गांव में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कार्य न कराए जाने पर ग्राम पंचायत सचिव को कड़ी फटकार लगाई गई और दो दिनों के भीतर इस व्यवस्था को शुरू करने का आदेश दिया।
उन्होंने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों को “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा” के अंतर्गत ‘स्वच्छोत्सव’ थीम के सफल क्रियान्वयन हेतु सीटीयू चयन और सफाई व्यवस्था से संबंधित विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस अवसर पर मंडलीय कंसल्टेंट बी.के. मल्ल, डीआईपीएम दिनेश चौधरी, एडीओ (पंचायत) भरोहिया, पूर्व प्रधान मोतीलाल, ग्राम पंचायत सचिव सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।