ग्रेटर नोएडा फेलिक्स हॉस्पिटल में बड़ा हादसा
ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है, जहां फेलिक्स हॉस्पिटल में बेसमेंट खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, बेसमेंट की मिट्टी खिसकने और दीवार गिरने से 7 मजदूर मलबे में दब गए, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। बिना सुरक्षा उपकरण और उचित तकनीकी निगरानी के बेसमेंट की खुदाई कराई जा रही थी। बताया जा रहा है कि नियमों को ताक पर रखकर लंबे समय से यहां गैर-मानक तरीके से निर्माण कार्य हो रहा था, जिसकी शिकायतें पहले भी स्थानीय प्रशासन तक पहुंची थीं।
हादसे के तुरंत बाद सभी मजदूरों को गंभीर हालत में नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ मजदूरों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही कमिश्नरेट पुलिस गौतम बुद्ध नगर के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनास्थल को घेराबंदी कर लिया है और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने फेलिक्स हॉस्पिटल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिना सुरक्षा इंतजामों के बेसमेंट खुदाई कराना मजदूरों की जान को खतरे में डालने जैसा है।
प्रशासन अब निर्माण अनुमति, सुरक्षा उपायों और इंजीनियरिंग प्रक्रिया की जांच कर रहा है। शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों के पालन में बड़ी चूक की आशंका जताई गई है।
फिलहाल मजदूरों का इलाज जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।